भोपाल : 15 नवंबर, 2023 (प्योरपॉलीटिक्स)
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है. जानिए विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भाजपा के संकल्प पत्र में किए गए वादे| बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा द्वारा जारी बीजेपी के संकल्प पत्र को ‘मोदी की गारंटी, भाजपा का भरोसा’ नाम दिया गया है.
अपने संकल्प पत्र में उन्होंने एक बार फिर गरीबों को मुफ्त राशन देने की योजना को अगले पांच साल जारी रखने की बात कही है. साथ ही लाड़ली लक्ष्मियों को जन्म से 21 वर्ष तक कुल ₹2 लाख देने का वादा किया है.
एमपी चुनाव
यहां देखें बीजेपी द्वारा किए गए प्रमुख वादों पर एक नजर:
1. गरीबों को अगले पांच साल तक मुफ्त राशन
2. किसानों से गेहूं ₹ 2700 और धान ₹ 3100 प्रति क्विंटल की दर से खरीद
3. किसान सम्मान निधि और किसान कल्याण योजना के तहत किसानों को हर साल ₹ 12,000
4. राज्य में मुख्यमंत्री जन आवास योजना शुरू की जाएगी. योजना के तहत समाज के गरीब तबके को घर उपलब्ध कराये जायेंगे
5. लाडली बहना योजना के लाभार्थियों को पक्का मकान सहित वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी
6. लाडली बहना योजना और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को ₹ 450 में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
7. हर परिवार को रोजगार या स्वरोजगार का अवसर प्रदान किया जाएगा
8. गांवों की 15 लाख महिलाओं के लिए कौशल विकास गतिविधियां
9. बालिका को 21 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक कुल ₹ 2 लाख प्रदान किए जाएंगे
10. जरूरतमंद परिवारों की छात्राओं को “केजी से पीजी (पोस्ट ग्रेजुएट) तक” मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाएगी।
जे.पी. नड्डा ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा,2003 में यहां 4,231 हेक्टेयर जमीन की ही सिंचाई हो पाती थी, जो आज बढ़कर 16,284 हेक्टेयर हो चुकी है. ‘2003 में मध्य प्रदेश में औद्योगिक विकास की दर 0.61% थी जो आज भाजपा सरकार के 20 साल के कार्यकाल में बढ़कर 24% हो चुकी है’. मध्य प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों के लिए 17 नंवबर 2023 को एक चरण में मतदान होंगे. तीन दिसंबर 2023 को नतीजे घोषित किए जाएंगे.



