भोपाल : 22 दिसंबर , 2023 (प्योरपॉलीटिक्स)
मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव शनिवार को फिर दिल्ली पहुंचे। वे रात्रि विश्राम दिल्ली में ही करेंगे और रविवार को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मिलकर मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा करेंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि मंत्रिमंडल विस्तार में कुछ नामों को लेकर निर्णय लिया जाना था। इस नामाें पर सहमति के बाद भोपाल में मोहन कैबिनेट को शपथ दिलाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने एक दिन पहले ही शुक्रवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह सहित केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की थी, हालांकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से मुख्यमंत्री की मुलाकात नहीं हो पाई थी। नड्डा और बीएल संतोष से चर्चा के बाद मंत्रिमंडल विस्तार पर अंतिम निर्णय होगा। पहले मुख्यमंत्री का इंदौर से आने के बाद उज्जैन में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम था, लेकिन शनिवार को अचानक देर शाम वे इंदौर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री का यह सात दिन में तीसरा दिल्ली दौरा है।



