भोपाल : 16 मार्च, 2023 (प्योरपॉलीटिक्स)
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के सभी वर्गों के कल्याण के लिए राज्य सरकार कार्य कर रही है। आजादी के अमृत काल में विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश विकास के आयाम छू रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। मोदी युगपुरूष हैं। विश्व में भारत की साख बढ़ रही है। विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है। सिर्फ ईंटगारों का भवन नहीं हैं। मध्यप्रदेश विधानसभा की गौरवशाली परम्परा रही है। स्वस्थ आलोचना जायज है, लेकिन मर्यादाएं नहीं तोड़ी जाना चाहिए। शालीनता का त्याग नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सीएम राइज विद्यालयों के बाद पीएम स्कूल भी खोले जाएंगे, इसके लिए बजट प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना में बुजुर्गों के साथ ही दिव्यांगों को भी हवाई जहाज से तीर्थदर्शन यात्रा करवाई जाएगी। गरीबों के हित में विधायकों की स्वेच्छानुदान राशि 25 लाख रूपए बढ़ाई जाएगी, इस तरह यह कुल 75 लाख रूपए हो जाएगी। इसके अलावा 10 हजार रूपए की सीमा को बढ़ाकर 25 हजार रूपए किया जाएगा। प्रदेश के विकास के लिए अधोसंरचना साधन बढ़ाने के लिए 56 हजार करोड़ से अधिक राशि का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में 14 रोप-वे बनेंगे। महाकाल महाराज के दर्शन करने के लिए पर्यटक और श्रद्धालु रेलवे स्टेशन से सीधे महाकाल लोक पहुंच जाएंगे। यातायात को सुगम बनाया जाएगा। प्रदेश में फोरलेन, मेट्रो, हाईवे, एयरपोर्ट बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने आज विधानसभा में कहा कि लाड़ली लक्ष्मी बहना, बहनों के सशक्तिकरण की महत्वपूर्ण योजना है। बहनों के कल्याण की यह दुनिया की सबसे बड़ी योजना है। पूर्व सरकार द्वारा संबल, पंच परमेश्वर योजना, मेरिट में आने वाले बच्चों को लेपटॉप लिए जाने की योजना, शून्य प्रतिशत ब्याज पर किसानों को ऋण, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, राशन वितरण, आवासहीनों को भूमि देने के कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में बाधा पैदा की गई। अनेक योजनाएं बंद हुईं। राज्य सरकार इन सब योजनाओं का क्रियान्वयन फिर से प्रारंभ करने के साथ अनेक नई योजनाओं पर अमल कर रही है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सरकारी स्कूलों के बच्चों को मेडिकल कॉलेज में अधिक संख्या में प्रवेश देने की व्यवस्था के लिए पुख्ता प्रबंधन किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना में कोविड के अलावा अनाथ हुए बच्चों को योजना का लाभ देने का कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री खेत सड़क योजना पुन: प्रारंभ की जाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इंदौर में प्रवासी भारतीय दिवस का अभूतपूर्व आयोजन हुआ। अतिथियों का अनोखे ढंग से सत्कार किया गया। इंदौर के लोगों ने दिखा दिया कि अतिथियों के लिए उनके दिल के दरवाजे खुले हुए हैं। प्रदेश में माफियाओं और गुंडा तत्वों पर अंकुश के लिए सख्ती से कार्यवाही की जा रही है। बुलडोजर का उपयोग भी किया गया है। प्रदेश में रेत माफियाओं के 14 हजार वाहन जप्त किए गए। रेत भी जप्त की गई। राष्ट्रीय सुरक्षा कानून में भी खनन माफिया के विरूद्ध प्रकरण बनाए गए हैं। भिंड सहित प्रदेश के अनेक स्थानों पर मेडिकल कॉलेज प्रारंभ करने की पहल की गई। भिंड जिले में 104 करोड़ रूपए लागत के 42 कार्यों की स्वीकृति दी गई है। बड़ी संख्या में सड़कों का निर्माण हो रहा है।



