भोपाल । 14 दिसंबर , 2023 (प्योरपॉलीटिक्स)
– मुख्यमंत्री डा. माेहन यादव के पहले आदेश में दिखी हिंदूवादी सरकार की झलक, सात घंटे में सात बड़े निर्णय
– निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध उड़नदस्ते बनाकर चलाया जाएगा अभियान
– मंत्रालय में पूजन के बाद विधिवत पदभार ग्रहण कर कैबिनेट बैठक में लिए कई निर्णय
शपथ लेते ही नए मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव एक्शन में आ गए और सात घंटे में ही सात बड़े निर्णय किए। मंगलवार को देर शाम विधिवत पदभार ग्रहण करने के बाद पहले ही आदेश में हिदूंवादी सरकार की झलक दिखा दी। अब कान फाेडू यंत्रों से न तो अजान होगी और न ही भजन। धार्मिक स्थलों में निर्धारित सीमा से तेज आवाज में बजने वाले लाउड स्पीकर या किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र पर रोक लगाई जाएगी। इसके लिए उड़नदस्ते बनाकर चलाया जाएगा। अपनी पहली कैबिनेट बैठक के बाद उन्होंने इससे संबंधित फाइल पर सबसे पहले हस्ताक्षर किए। इसके बाद गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव डा.राजेश राजौरा ने इसके आदेश किए। उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर के दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री डा.यादव सीधे मंत्रालय पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यालय में विधिवत पूजा करने के बाद पदभार ग्रहण किया। कैबिनेट बैठक में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल, मुख्य सचिव वीरा राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
धर्म गुरूओं से किया जाएगा संवाद- गृह विभाग ने अपने आदेश में कहा कि धर्म गुरूओं से संवाद और समन्वय के आधार पर लाउड स्पीकरों को हटाने का प्रयास किया जाएगा। जिन धार्मिक स्थलों में नियमों का पालन नहीं हो रहा है, उनकी सूची बनाकर जिला स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा कर रिपोर्ट 31 दिसंबर तक विभाग को देना होगा। ध्वनि प्रदूषण तथा लाउड स्पीकर आदि के अवैधानिक उपयोग की जांच के लिए सभी जिलों में उड़नदस्ते नियमित और आकस्मिक रूप से धार्मिक और सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण करके अधिकतम तीन में प्रतिवेदन संबंधित प्राधिकारी को देगा। उड़नदस्तों में जिला प्रशासन द्वारा नामित अधिकारी, संबंधित थाने का प्रभारी तथा मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा नामित अधिकारी सदस्य रहेंगे। कलेक्टर इसकी निगरानी करेंगे। मुख्यमंत्री यादव ने भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन देने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
खुले में बिना अनुमित मांस-मछली ब्रिकी पर रोक- खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 का उल्लंघन कर खुले में बिना साफ-सफाई मांस-मछली की बिक्री पर रोक लगाई जाएगी। 15 दिनों में अभियान चलाकर ऐसी दुकानों को बंद कराया जाएगा। धर्म स्थलों से भी नजदीक मांस बेचना प्रतिबंधित होगा। नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने आदेश जारी कर कहा सभी जिलों के कलेक्टर तत्काल कारर्वाई आरंभ करें। पुलिस की भी इसमें मदद लें। मुख्यसचिव वीरा राणा प्रतिदिन इसकी समीक्षा करेंगी।
प्रत्येक जिले में खुलेंगे प्रधानमंत्री उत्कृष्ट कालेज- प्रत्येक जिले में एक प्रधानमंत्री उत्कृष्ट कालेज खोला जाएगा। इसमें सभी विषयों की पढ़ाई होगी। अगले सत्र से यह प्रारंभ हो जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए बस की व्यवस्था भी रहेगी।
डिजी लाकर की व्यवस्था होगी- छात्रों की सुविधा के लिए सभी 17 सरकारी और 52 निजी विश्वविद्यालयों में डिजी लाकर की व्यवस्था की जाएगी। डिग्री, अंकसूची के लिए विद्यार्थियों को परेशान न होना पड़े, इसके लिए डिजी लाकर की व्यवस्था सभी सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों में होगी।
आदतन अपराधी फिर भेजे जाएंगे जेल- आदतन अपराधी बार-बार जमानत पर छूट जाते हैं। गृह विभाग को निर्देश दिए हैं कि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 437, 438 और 439 के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई कर ऐसे आदतन अपराधियों को पुन: जेल भेजा जाए। इसके लिए उनकी जमानत निरस्त कराई जाए। इन धाराओं में जमानत देने के बाद न्यायालय को यह शक्ति है कि वह तथ्यों पर विचार कर जमानत का निरस्त कर सकती है।
तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलेंगे चार हजार रुपये मानक बोरा- प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को अब चार हजार रुपये मानक बोरा पारिश्रमिक दिया जाएगा। अभी तक यह राशि तीन हजार रुपये निर्धारित थी। भाजपा ने संकल्प पत्र में राशि बढ़ाने का वादा किया था, जिस पर सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक से ही काम प्रारंभ कर दिया है।
नामांतरण के नियम सरल होंगे- आम आदमी की नामांतरण की समस्या का समाधान करने के लिए राजस्व विभाग को निर्देश दिए हैं कि इन नियमों का सरलीकरण किया जाए। इसके साथ ही साइबर तहसील का विस्तार किया जाएगा ताकि अचल संपत्ति के दस्तावेज के पंजीयन के साथ नामांतरण भी हो जाए। इससे लोगों को अनावश्यक परेशान नहीं होना पड़ेगा।
अयोध्या जाने वालों का सम्मान होगा- मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि राम मंदिर अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जाने वाले सभी श्रद्धालुओं का सम्मान किया जाएगा। इसके प्रचार प्रसार के लिए होर्डिंगस भी लगाए जाएंगे।



