भोपाल । 16 नवम्बर, 2022
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कहा कि जिस राष्ट्रवाद के विचार को आधार केन्द्र मानकर हम कार्य कर रहे है, वह विचार समाज के बीच पुष्पित और पल्लवित हो, इसके लिए मीडिया प्रभारी के नाते आपकी जिम्मेदारी है कि आप विचार का प्रचार करें। हितानंद जी बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में मीडिया विभाग के प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। समापन सत्र की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी ने की। प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विजय दुबे एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर मंचासीन थे।
हमारा संगठन युगानुकुल परिवर्तन करता है
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कहा कि राष्ट्रवाद के विचार के लिए हमारी एक पीढी जेल गयी, यातनाएं सही और इस विचार को मजबूत किया। वहीं दूसरी पीढी आज नवाचार को अंगीकार कर आगे बढ रही है। हमारा संगठन युगानुकूल परिवर्तन करता है। विचार को शाश्वत रखते हुए नई पीढी नेतृत्व करती है। उन्होंने कहा कि अनेक ऐसे दल है जो अपने में परिवर्तन नहीं लाए, जिसके कारण आज उनका अस्तित्व समाप्ति की ओर है। हमने नवाचार को अंगीकार किया, जिसका उदाहरण हम बूथ सशक्तिकरण अभियान के दौरान डिजिटल बूथ के रूप में देखते है। आज की पीढी सोशल मीडिया पर सक्रिय है और देश विरोधी समाज में वैमनस्य फैलाने वाले विचारधारा को दृढ़ता के साथ जवाब देती है।
धारा 370 और राम मंदिर निर्माण हमारे विचार की विजय है ।
उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाने के लिए हमारे नेता डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी का बलिदान हुआ। राम मंदिर निर्माण के लिए न जाने कितने लोगों ने अपने प्राणों की आहूति दी। यह हमारे विचार की विजय है कि आज कश्मीर से धारा 370 हटी है और राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश की भलाई के लिए हमारे संगठन का गठन हुआ है।



