7 नवंबर प्योरपॉलिटिक्स
नई दिल्ली
पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि मुसलमान के लिए हिंदुस्तान से अच्छा देश और हिंदू से अच्छा मित्र नहीं हो सकता है। मोदी सरकार सबका साथ सबका विकास की नीति पर कार्य कर रही है। हुसैन ने गोवध पर प्रतिबंध की भी मांग करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार में गाय माता के रूप में प्रतिष्ठित हुई है।
सात नवंबर 1966 को करपात्री महाराज के आंदोलन में शहीद हुए संतों और गो भक्तों को श्रद्धांजलि देने के लिए सामाजिक संस्था युवा चेतना ने सोमवार को कांस्टीट्यूशन क्लब में एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में हुसैन ने करपात्री जी को सच्चा गोभक्त बताते हुए कहा कि करपात्री महाराज सनातन धर्म के सूर्य थे, जिनपर इंदिरा गांधी सरकार ने हमला किया। उस हमले का परिणाम आज कांग्रेस के पतन के रूप में सबके सामने है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का विकास हो रहा है।
स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने बताया कि करपात्री जी महाराज के आंदोलन को कुचलने लिए इंदिरा सरकार ने गोली चलवाई थी। कार्यक्रम में जेएनयू की कुलपति प्रो. शांतिश्री पंडित, प्रधानमंत्री आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष विवेक देबेराय, युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह व अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।



