भोपाल : 13 जनवरी, 2024 (प्योरपॉलीटिक्स)
भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को तीन नए जिले मऊगंज, पांढुर्ना, मैहर के साथ बड़वानी में नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की है। मऊंगज में राजेंद्र मिश्रा, पांढुर्णा में वैशाली महाले, मैहर में कमलेश सुहाने और बड़वानी में कमल नयन इंगले को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। अब जिलाध्यक्ष अपनी टीम बनाएंगे। इससे पार्टी को लोकसभा चुनाव में भी लाभ मिलेगा।
बता दें कि तीनों नए जिले पिछले वर्ष बनाए गए थे, पर अभी तक यहां जिलाध्यक्षों की नियुक्ति नहीं हुई थी। इनमें सबसे पहले मऊगंज जिला बना था। जिलाध्यक्षों की नियुक्ति में जातिगत व क्षेत्रीय समीकरणों का भी ध्यान रखा गया है। उदाहरण के तौर पर मऊगंज ब्राह्मण बहुल जिला है, इसलिए वहां राजेंद्र मिश्रा काे अध्यक्ष बनाया है। वह रीवा में भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। मैहर के जिलाध्यक्ष बनाए गए कमलेश सुहाने सतना जिले में पार्टी के महामंत्री और सगंठन में अन्य दायित्वाें में रहे हैं। वह मैहर विधानसभा चुनाव में मैहर सीट के प्रभारी भी थे। वैशाली महाले ओबीसी वर्ग से हैं। वह छिंदवाड़ा जिले में महिला मोर्चा की पदाधिकारी रह चुकी हैं। बड़वानी में ओम सोनी की जगह अध्यक्ष बने कमल नयन इंगले आरएसएस पृष्ठभूमि के हैं। विधानसभा चुनाव में बड़वानी जिले की चार में से तीन सीटें भाजपा हार गई थी। माना जा रहा है कि इसी कारण ओम को हटाकर इंगले को जिम्मेदारी दी गई है।



