
-
‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड का भोपाल में सामूहिक श्रवण
-
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आमजन से संवाद कर बढ़ाया जनभागीदारी का संदेश
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें संस्करण का प्रसारण रविवार को प्रदेशभर में उत्साह के साथ सुना गया। राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीआईपी रोड स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को जोड़ने वाला प्रभावी संवाद मंच बन चुका है, जो समाज के विभिन्न वर्गों की प्रेरक कहानियों और नवाचारों को सामने लाकर सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिजिटल जनगणना 2027 को दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना बताते हुए इसकी विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से होगी, जिसमें कर्मचारियों के पास मोबाइल ऐप होगा और नागरिक स्वयं भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना की सुविधा से समय की बचत होगी और प्रक्रिया अधिक सरल बनेगी। अब तक करीब 1 करोड़ 20 लाख परिवारों का मकान सूचीकरण पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आमजनों, विशेषकर युवाओं से संवाद कर महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और नारी शक्ति वंदन जैसे प्रयासों का उल्लेख करते हुए महिला सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से भी आत्मीय बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देश को एकजुट करने का सशक्त माध्यम है। साथ ही उन्होंने ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत मध्यप्रदेश में जल संरक्षण के प्रयासों को देश में अग्रणी बताया और इसमें जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।



