11 नवंबर (प्योर पॉलिटिक्स)
शारदा विहार स्कूल के विद्यार्थी सीखेंगे ‘आत्मनिर्भरता’ के गुर
भोपाल। राजधानी के सरस्वती विद्या मंदिर शारदा विहार स्कूल में शुक्रवार को राष्ट्रऋषि दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में स्वावलंबी भारत अभियान के तहत रोजगार सृजन केंद्र का उद्घाटन प्रांत संघचालक अशोक पांडे ने किया। कार्यक्रम में अभियान के अखिल भारतीय समन्वयक जितेंद्र गुप्त ने बताया कि ठेंगडी चिंतनशील और दूरदृष्टा थे। उन्होंने कई सालों पहले ही बता दिया था कि स्वदेशी ही देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का समाधान होगा। अब उनके दिखाए मार्ग पर स्वावलंबी भारत अभियान देशभर में चलाया जा रहा है। इस अवसर पर अशोक पांडे ने रोजगार सृजन केंद्र को सुंदर छत बताया। वहीं, मध्य भारत प्रांत प्रमुख डॉ. प्रतिभा चतुर्वेदी ने ‘माय एसबीए डॉट को इन’ पोर्टल की जानकारी दी। इस अवसर स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। वहीं, ठेंगड़ी की जयंती पर स्वदेशी जागरण मंच के प्रदेश कार्यालय में स्वदेशी जागरण मंच के प्रदेश संगठक केशव दुबोलिया, प्रांत महिला सह प्रमुख सीमा भारद्वाज, भोपाल महानगर विभाग संयोजक शांतनु शर्मा, रोहित गुप्ता, हेमंत रावत, सुनील और मंच के अन्य पदाधिकारियों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। दुबोलिया ने दत्तोपंत ठेंगड़ी के जीवन पर प्रकाश डाला। इसके बाद संगोष्ठी भी हुई।
विद्यार्थियों को भेंट किए आम के पौधे
मध्य भारत प्रांत प्रमुख डॉ. प्रतिभा चतुर्वेदी और सह प्रमुख सीमा भारद्वाज ने दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती पर शारदा विहार के 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और उपयोग करने पर चर्चा की। दोनों पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को आम के पौधे भेंट किए, जिसे विद्यालय परिसर में रोपा गया।



