भोपाल : 8 जनवरी, 2024 (प्योरपॉलीटिक्स)
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से संवाद किया और कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर भोपाल के दक्षिण पश्चिम विधान सभा के वार्ड नंबर 25 में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव भी शामिल हुए।
मध्य प्रदेश के दौर पर आए मणिपुर के पत्रकारों के प्रतिनिधि मंडल ने भी शिरकत की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन को सुना। पत्रकारों के प्रतिनिधि मंडल ने लाभार्थियों से उनके जीवन में योजनाओं से मिले लाभ बाद आए सार्थक परिवर्तन के बारे में संवाद किया।
इसके बाद मणिपुर से आए पत्रकार दल ने यूनेस्को की विश्व विरासत की सूची में शामिल प्रसिद्ध पर्यटक स्थल भीमबेटका का भ्रमण किया। पत्रकार दल भीमबेटका की गुफाओं को देखकर अभिभूत नजर आया। पत्रकार दल का कहना था कि भीमबेटका की गुफाएं अपने आप में प्राचीन इतिहास की बहुत सारी अदभुत कहानियां समेटे हुए है।
पत्रकारो का प्रतिनिधि मंडल अपने तीन दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम में दूसरे दिन (मंगलवार) को इंदौर पहुंचेगा, एशिया की सबसे बड़े बायो सीएनजी प्लांट का भ्रमण करेगा और उसकी बारीकियों को समझेगा।
इससे पहले पत्रकारो का प्रतिनिधि मंडल सोमवार प्रात: पीआईबी, भोपाल कार्यालय पहुंचा, जहां पर उप निदेशक सत्येन्द्र शरण ने उनका स्वागत किया। पत्रकारों के साथ बातचीत में शरण ने उन्हें मध्य प्रदेश में चल रही विकसित भारत संकल्प यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विकसित भारत संकल्प यात्रा के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस यात्रा का लक्ष्य केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्तियों तक पहुंचाना है। साथ ही अगर कोई व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित रह गया है तो उनको भी योजनाओं का लाभ दिलाना है। शरण ने पत्रकारों के प्रतिनिधि मंडल को मध्य प्रदेश की भौगोलिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परिदृश्यों से भी परिचित कराया। गौरतलब है कि विकसित भारत संकल्प यात्रा को लेकर मणिपुर के पत्रकारो का प्रतिनिधि मंडल रविवार रात में भोपाल पहुंचा और रात्रि में विश्राम किया।



