भोपाल : 21 दिसंबर , 2023 (प्योरपॉलीटिक्स)
राजधानी के भेल मैदान में चल रहा भोजपाल महोत्सव मेला कला एवं मनोरंजन का केंद्र बना हुआ है, जिसमें लगातार भारी भीड़ उमड़ रही है। वहीं महोत्सव के विराट सांस्कृतिक मंच पर प्रतिदिन स्थानीय एवं बाहर से आये कलाकार नृत्य एवं संगीत के माध्यम से दृशकों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं।
महोत्सव के सांस्कृतिक आयोजनों में बुधवार रात इटारसी के दूरदर्शन कलाकार व शास्त्रीय नृत्य में स्वर्ण पदक से सम्मानित डॉ. दीपक वर्मा ने अपनी साथी कलाकार दीपिका, श्रद्धा, नित्या व खुशी के साथ कथक नृत्य की प्रस्तुतियां दीं, जिसमें देवी वंदना एवं अधुरम-मधुरम ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। विराट मंच पर राजस्थानी कलाकारों ने घूमर और कलबेलिया नृत्य किया, वहीं नर्मदापुरम की अर्पणा सराठे ने भी शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति दी।
सांस्कृतिक आयोजन में मेला अध्यक्ष श्री सुनील यादव, संयोजक श्री विकास विरानी एवं महामंत्री श्री हरीश कुमार राम सहित मेले के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




