चाय चौपाल पर की हितग्राहियों से चर्चा
भोपाल : 14 जनवरी, 2023
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को बड़वानी जिले के आशाग्राम जाकर प्रधानमंत्री आवास योजना में बनने वाले 66 कुष्ठ रोगियों के परिजन के निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री चौहान ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का परीक्षण कर कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कुष्ठ रोगियों के परिजन को प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कुष्ठ रोगियों के साथ चाय चौपाल में बातचीत भी की। कुष्ठ रोगियों के परिजन ने मिलने वाले आवासों के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। साथ ही 40 वर्षों में पहली बार कुष्ठ रोगियों एवं उनके परिजन का हालचाल जानने आए मुख्यमंत्री चौहान के आशाग्राम आने पर उनका आभार भी माना। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अभी वह निर्माणाधीन मकान देखने आए हैं, जब मकान पूर्ण रूप से तैयार होकर एक सुंदर कॉलोनी का रूप ले लेंगे तब पुनः आशा ग्राम आएंगे।
इस दौरान सांसद वी.डी. शर्मा, पशुपालन मंत्री प्रेमसिंह पटेल और जिले के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग भी उपस्थित थे।
बड़वानी नगर पालिका के वार्ड नंबर 3 में स्थित आशाग्राम ट्रस्ट में वर्ष 1980 से कच्चे मकानों निवासरत 66 कुष्ठरोगी परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना लाभ से इसलिए वंचित रहे कि उनके पास स्वयं की भूमि नहीं थी, मुख्यमंत्री चौहान ने संवेदनशील निर्णय करते हुए इन्हें मकान उपलब्ध कराने की पहल की जिस पर इन सभी को आशा ग्राम ट्रस्ट द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि पर मकान बनाने की सहमति पर सभी 66 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराए गए. मुख्यमंत्री जी के सूत्र वाक्य “ जहां चाह वहाँ राह “ को निकलना ही पड़ता है. इसी की वजह से भूमि उपलब्ध होने पर इनको प्राप्त 2.50 लाख रुपये से और अच्छे मकान बन सकें इसलिए सर्वसुविधायुक्त बेहतरीन कॉलोनी बनाने की व्यवस्था की जा रही है।
आशाग्राम की पहाड़ी पहले विरान थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वहां पर जिला प्रशासन ने जनसहयोग से शिवकुंज पर्यावरण पाठशाला की रचना की है। शिवकुंज में आदियोगी की प्रतिमा, विशाल हनुमानजी की प्रतिमा, सहज योग ध्यान केंद्र, ओपन जिम, मुक्ताकाश मंच, मानसिक रोगी उपचार केंद्र, नशा मुक्ति केंद्र, दरी बुनाई केंद्र एवं आशा चिकित्सालय संचालित है। साथ ही पर्यटकों के लिए कैफेटेरिया भी संचालित है।



