जबलपुर में नगरीय निकाय जनप्रतिनिधियों के प्रशिक्षण वर्ग में शामिल हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं लोकसभा के मुख्य सचेतक
जबलपुर। नरेन्द्र मोदी जी ने 2014 में जब प्रधानमंत्री पद की शपथ ली तब उन्होंने उदबोधन में अपने आपको प्रधान सेवक कहा था। हमें उनके इस भाव को समझना होगा कि यदि हम सांसद, विधायक, पार्षद, पंच, सरपंच के रूप में चुने गए है तो हमे भी जनता के सेवक की भूमिका में रहना होगा। नगरीय निकाय चुनाव में जनता ने हमें आशीर्वाद दिया। आपकी जिम्मेदारी जनसेवक के रूप में अपने क्षेत्र में विकास कार्यो की तो है ही इसके साथ ही अपनी विचारधारा का पोषण करने और संगठन तंत्र को मजबूत करने की अहम जिम्मेदारी भी आपकी है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को जबलपुर के संभागीय भाजपा कार्यालय में आयोजित नगरीय निकाय जनप्रतिनिधियों के प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कही। प्रशिक्षण वर्ग को लोकसभा के मुख्य सचेतक, सांसद राकेश सिंह ने भी संबोधित किया।
गरीब कल्याण की योजनाओं के कारण हमारे 6 करोड़ वोट बढ़े
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में हमें 17 करोड़ वोट मिले थे। वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव में हमें 23 करोड़ वोट प्राप्त हुए। 5 वर्षों में हमारे 6 करोड़ वोट बढे। इसका मुख्य कारण मोदी सरकार की गरीब कल्याण की योजनाएं है। जिन्होंने गरीबों का जीवन बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाएं नीचे तक पहुंचे, इसकी जिम्मेदारी हमारे नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधियों की है। उन्होंने कहा कि आप पार्टी का चेहरा है। आपके काम और व्यवहार से ही पार्टी की छवि बनती है। प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से जनप्रतिनिधियों को अधिक सीखने को मिलेगा। शर्मा ने कहा जब कोई भी चुनाव आते है तो भाजपा की ओर से व्यक्ति चुनाव नही लड़ता अपितु विचारधारा और संगठन तंत्र चुनाव लड़ता है और इसी विचार और संगठन के आधार पर हम चुनाव जीते है और आने वाले विधानसभा और लोकसभा के चुनाव को हम आप सबकी मेहनत से जीतेंगे।
नए कार्यकर्ताओं जोड़कर 51 प्रतिशत वोट शेयर के लक्ष्य को प्राप्त करें
शर्मा ने कहा कि जनप्रतिनिधि के साथ ही हम पार्टी के कार्यकर्ता है। हमें सरकार की योजनाएं क्रियान्वयन के साथ ही अपना बूथ कैसे मजबूत हो, इस दिशा में भी कार्ययोजना बनाकर उसे मूर्त्त रूप देना है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने 51 प्रतिशत वोट शेयर का जो लक्ष्य निर्धारित किया है, उसे हमें पूरा करने के लिए समाज के हर वर्ग और युवाओं को विचारधारा से जोड़ना है। हमें अपने प्रत्येक बूथ पर 10 नए कार्यकर्ताओं जोड़कर 51 प्रतिशत वोट शेयर के लक्ष्य को प्राप्त करना है।
अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए दायित्व का निर्वहन करे कार्यकर्ता : राकेश सिंह
प्रशिक्षण वर्ग में “भाजपा विचार, कार्यपद्धति एवं हमारा समन्यवय“ विषय पर सत्र को संबोधित करते हुए पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, लोकसभा के मुख्य सचेतक व सांसद राकेश सिंह ने कहा आप सभी जिम्मेदार कार्यकर्ता है और आपको जनता ने चुनकर अपना प्रतिनिधि बनाकर भेजा है इसीलिए आपका कार्य और व्यवहार महत्वपूर्ण हो जाता है इसीलिए अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए अपने दायित्व का निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि जब भाजपा जैसे राजनैतिक दल में कार्य करते है तो हमारी तुलना किसी अन्य दल से नही होती बल्कि समाज हमे आशा की दृष्टि से देखता है क्योंकि हमारी विचारधारा से जनता प्रभावित है। उन्होंने कहा प्रत्येक दायित्ववान कार्यकर्ता को परिवार, समाज और संगठन के बीच समन्वय बनाकर कार्य करना चाहिए और इन सबके बीच इस बात को ध्यान रखना चाहिये कि हम अपने कार्य, विचारधारा और संगठन के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करें। उन्होंने कहा कि राजनीति के माध्यम से समाज की सेवा का जो संकल्प आपने लिया है वह भी सफल होगा। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व महापौर सदानंद गोडबोले ने की।
अलग अलग सत्रों को वक्ताओं ने किया संबोधित
प्रशिक्षण वर्ग में “बढ़ता मप्र – बढ़ता भारत“ विषय पर सत्र को विधायक अजय विश्नोई ने संबोधित किया। सत्र की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष बरकड़े ने की। “भाजपा सरकारों की जन कल्याणकारी योजनाएं“ विषय पर सत्र को विधायक अशोक रोहाणी ने संबोधित किया। सत्र की अध्यक्षता पूर्व महापौर प्रभात साहू ने की। “लोकव्यवहार“ विषय पर सत्र को प्रदेश मंत्री आशीष दुबे ने संबोधित किया। सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिप अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा पटेल ने की। इसी प्रकार “सोशल मीडिया व मीडिया की भूमिका“ विषय पर आकाश सेन ने संबोधित किया। सत्र की अध्यक्षता ने महामंत्री रजनीश यादव ने की। प्रशिक्षण वर्ग की विषय प्रस्तावना प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी, राज्यसभा सांसद सुकविता पाटीदार ने रखी। वर्ग का संचालन ग्रामीण जिला अध्यक्ष रानू तिवारी, महामंत्री राजेश दाहिया, महामंत्री रजनीश यादव ने किया।
उदघाटन सत्र में ये थे मौजूद
प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, मप्र पर्यटन विकास निगम अध्यक्ष विनोद गोंटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू बिज, नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल एवं नगरीय निकायों के समस्त जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। प्रशिक्षण वर्ग के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने जबलपुर ग्रामीण जिला कोर ग्रूप की बैठक में पदाधिकारियों से संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।



