संगठन महामंत्री ने रीवा में ली जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की बैठक
रीवा। प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत वोट हासिल करना हमारा लक्ष्य है। इसे ध्यान में रखते हुए हमें संभाग के प्रत्येक बूथ और शक्ति केंद्र को तैयार करना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित कर योजना बनाई जाए। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने रीवा में आयोजित संभाग के सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक को रीवा संभाग के प्रभारी श्री रणवीरसिंह रावत ने भी संबोधित किया।
हमें गुजरात के चुनाव परिणामों को मध्यप्रदेश में दोहराना है
बैठक में संभागीय संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि युवा मोर्चा द्वारा चलाये जा रहे खिलते कमल एवं खेलेगा मध्यप्रदेश जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से हमें अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिभावान युवाओं को आगे लाना है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर सुना जाये, इसकी व्यवस्था करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ में बूथ समिति की बैठक, शक्ति केन्द्र की बैठक, मण्डल की बैठक निर्धारित समयानुसार आयोजित की जानी चाहिए। प्रत्येक बूथ में पन्ना प्रमुख तथा पन्ना समिति का गठन कर उनको सक्रिय करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए, क्योंकि हमें प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनाव में गुजरात विधानसभा चुनाव में आये परिणामों को दोहराना है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का ज्यादा से ज्यादा उपयोग कर शासन की जनहितैषी योजनाओं को आम जन तक पहुंचाएं।
बूथ सशक्तीकरण अभियान 2.0 के लिए तैयार हो जाएं कार्यकर्ताः रावत
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत ने कहा कि पार्टी द्वारा पिछले वर्ष प्रदेश के सभी बूथों के सुदृढीकरण को दृष्टिगत रखते हुए बूथ विस्तारक अभियान चलाया गया था। जिसमें प्रत्येक बूथ में अध्यक्ष, महामंत्री एवं बीएलए नियुक्ति की गई थी। इसकी अगली कड़ी के रूप में इस वर्ष बूथ सशक्तीकरण अभियान 2.0 चलाया जाएगा। बूथ सशक्तीकरण तथा शक्ति केन्द्रों के सुदृढ़ीकरण पर विचार-विमर्श के लिए यह बैठक आयोजित की गई है।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री कांतदेव सिंह, श्री योगेश ताम्रकार, प्रदेश महामंत्री शरदेन्दु तिवारी, प्रदेश मंत्री राजेश पाण्डेय, जिलाध्यक्ष रीवा डॉ. अजय सिंह, सतना श्री नरेन्द्र त्रिपाठी, सीधी श्री देव कुमार सिंह, सिंगरौली श्री रामसुमिरन गुप्ता, जिला संगठन प्रभारी रीवा श्री शशांक श्रीवास्तव, सिंगरौली सुश्री प्रज्ञा त्रिपाठी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री अनिल पटेल, प्रदेश प्रवक्ता श्री प्रहलाद कुशवाहा, सांसद रीवा श्री जनार्दन मिश्रा, सतना श्री गणेश सिंह, सीधी श्रीमती रीति पाठक, राज्यसभा सांसद श्री अजय प्रताप सिंह, विधायक रीवा श्री राजेन्द्र शुक्ला, मनगवां श्री पंचूलाल प्रजापति, सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह, त्योंथर श्री श्यामलाल द्विवेदी, मऊगंज श्री प्रदीप पटेल, अमरपाटन श्री रामखेलावन पटेल, रामपुर बाघेलान श्री विक्रम सिंह, सिंगरौली श्री रामलल्लू वैश्य, चितरंगी श्री अमर सिंह, देवसर श्री सुभाष वर्मा, सीधी श्री केदारनाथ शुक्ला उपस्थित रहे।



