भोपाल : 26 दिसम्बर, 2022 (प्योरपॉलीटिक्स)
कांग्रेस ने राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के पास बेनामी संपत्ति होने का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को भोपाल स्थित आयकर विभाग के कार्यालय पहुंचकर दस्तावेजों के साथ शिकायत की। आयकर उपायुक्त अवध बिहारी पंवार को दस्तावेज सौंप कर बेनामी संपत्ति जब्त करने की मांग की है। उधर, मंत्री राजपूत ने पलटवार करते हुए कहा है कि यह कांग्रेस का उन्हें बदनाम करने का षड्यंत्र है। इस मामले में जरूरत पड़ी तो कानूनी कार्रवाई भी करेंगे।
आयकर विभाग को सौंपी शिकायत में केके मिश्रा ने कहा है कि गोविंद सिंह राजपूत 2020 से अब तक मध्य प्रदेश शासन के मंत्री हैं। इस दौरान उन्होंने गैरकानूनी तरीके से अकूत दौलत अर्जित की है, जिसके जरिए उन्होंने मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कई बेनामीदारों के नाम से अचल संपत्ति खरीदी है। सागर और भोपाल में रिश्तेदारों के नाम से जमीन खरीदने का आरोप भी कांग्रेस ने लगाया है। उन्होंने कहा कि ऐसे ही एक मामले में सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी की बेनामी संपत्ति आयकर विभाग अटैच कर चुका है।
इस मामले में राजपूत ने विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस के आरोप को सिरे से खारिज किया है राजपूत ने कहा कि जो दस्ताेवेज पूर्व से ही लोक दस्तावेज होने के कारण आनलाइन उपलब्ध हैं, उन्हीं को आधार बनाकर कांग्रेस असत्य और अनर्गल प्रचार कर रही है। विपक्ष स्तरहीन राजनीति पर उतर आया है । समय आने पर कांग्रेसियों की इस हरकत पर सुरखी विधानसभा क्षेत्र की जनता करारा जवाब देगी। शिकायत करने पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारियों में दीप्ति सिंह, आनंद तारण, अभिनव बरोलिया, अवनीश बुंदेला, रवि वर्मा, मिथुन सिंह अहिरवार, आनंद जाट आदि मौजूद थे।



