भोपाल : 16 जून, 2024 (प्योरपॉलीटिक्स)
– शिवराज, सिंधिया, सावित्री ठाकुर और दुर्गादास उईके पहुंचे भाजपा प्रदेश कार्यालय, महापुरुषों की प्रतिमा पर पुष्पांजलि की अर्पित
– पूर्व केंद्रीय मंत्री जटिया की पत्नी के निधन के चलते केंद्रीय मंत्रियाें का अभिनंदन टला
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के केंद्र में कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री बनने के बाद पहली बार भोपाल आगमन शहर में ऐतिहासिक स्वागत हुआ। चौहान जैसे ही शताब्दी एक्सप्रेस से भोपाल पहुंचे, उसके बाद रेलवे स्टेशन से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक उनका भव्य स्वागत किया गया। भोपाल के विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यवसायिक संगठनों, लाड़ली बहनों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं और भोपालवासियों ने चौहान का भव्य स्वागत किया। इस दौरान शिवराज ने कहा कि जहां मामा रहेगा, वहां मामा का घर भी होगा।
भोपाल में रोड शो करते हुए देर शाम भाजपा कार्यालय पहुंचे शिवराज को देखकर महिलाओं ने फूलों का तारों का सबका कहना है, एक हजारों में मेरे भैया है। गीत गया। केंद्र सरकार में मध्य प्रदेश से मंत्री बनाए गए शिवराज सिंह चौहान के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया, दुर्गादास उईके और सावित्री ठाकुर रविवार शाम को प्रदेश भाजपा कार्यालय अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, लोकसभा चुनाव के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय और मध्य प्रदेश सरकार के मंत्रीगण उपस्थित थे। सभी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण जटिया की धर्मपत्नी कलावती जटिया के निधन पर शोक व्यक्त किया। बता दें कि पहले यह कार्यक्रम केंद्रीय मंत्रियों के अभिनंदन समारोह के रूप में किया जाना था, लेकिन पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण जटिया की धर्मपत्नी कलावती जटिया के निधन के कारण समारोह स्थगित कर दिया गया।
—-
प्रधानमंत्री मोदी ने जिस पहली फाइल पर हस्ताक्षर किए वह प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की है
पुष्पांजलि के बाद शिवराज ने मीडिया के समक्ष कहा कि विजनरी नेता, यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश से पांच केंद्रीय मंत्री बनाए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए उनका आभारी हूं। प्रधानमंत्री की कसौटी पर खरे उतरें, इस संकल्प के लिए दिन-रात काम करेंगे और मेहनत की पराकाष्ठा करेंगे। खेती अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल में जिस पहली फाइल पर हस्ताक्षर किए हैं, वह फाइल प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की है। प्रधानमंत्री मोदी 18 जून को वाराणसी से देश के करीब साढ़े नौ करोड़ किसानों को सम्मान निधि जारी करेंगे।
—–
राेड शो के दौरान मुस्लिम बहनों ने लगाए मामा-मामा के नारे
मुस्लिम बहनों ने फूल बरसाकर चौहान का स्वागत किया और मामा-मामा के नारे लगाए। छोटे-छोटे बच्चों से लेकर बहनों और बुजुर्गों ने भी शिवराज के ऊपर पुष्प वर्षा कि वहीं, कई कार्यकर्ताओं ने जेसीबी पर चढ़कर फूल बरसाएं। स्वागत में लाड़ली बहनों ने शिवराज की आरती उतारी तो शिवराज ने भी आरती कर बहनों का आशीर्वाद लिया। प्रदेश सरकार के मंत्रियों, विधायकों, सांसदों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक एवं व्यवसायिक संगठनों ने भोपाल में 65 से अधिक स्थानों पर शिवराज का भव्य स्वागत किया गया।
—-
सिंधिया बोले, 200 प्रतिशत देने का करूंगा प्रयास
भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम तन-मन से देश की सेवा करेंगे। सिंधिया ने कहा कि मुझे दिए गए विभाग को मैं समझ रहा हूं, मुझे एक सप्ताह का समय दीजिए। नीति बनाकर काम करेंगे। टेलिकाम और पूर्वोत्तर राज्य के विकास के लिए बेहतर कार्य योजना बना रहे हैं। आपने देखा है कि जब मैं नागरिक उड्डयन और इस्पात मंत्री था तो उसमें मैंने अपना 200 प्रतिशत दिया और अब इस विभाग के कामकाज में भी 200 प्रतिशत देने का प्रयास करूंगा। मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर सिंधिया ने कहा मैं उन्हें अच्छे से जानता हूं। उन पर भी समय -समय पर दबाव बना रहता है।
——



