भोपाल : 10 दिसंबर , 2023 (प्योरपॉलीटिक्स)
विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कई बार भावुक होने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार सुबह इंटरनेट मीडिया(एक्स) में ‘सभी को राम राम …’, लिखकर चौंका दिया। उनकी ओर से पहली बार इस अंदाज में राम-राम लिखा गया है। अब सियासी तौर पर कई लोग इसके अलग-अलग मायने लगा रहे हैं। वजह, भारतीय संस्कृति में राम-राम बोलकर लोग विदाई लेेते हैं। मुख्यमंत्री ने राम-राम उस वक्त लिखा है जब प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदारों के नामों पर चर्चा चल रही है। वर्ष 2018 और उसके बाद के सभी चुनावों में भाजपा शिवराज सिंह चौहान काे भावी मुख्यमंत्री के रूप में पेशकर चुनाव लड़ रही थी। पहली बार है जब न तो चुनाव के पहले और न ही पार्टी की प्रचंड जीत के बाद पार्टी ने पत्ते खोले हैं। इस मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा भारतीय संस्कृति में सुबह सभी लोग राम-राम बोलते हैं। यह सामान्य बात है।



