बजट बैठक विवाद पर सियासत तेज, रुबीना खान बोलीं—गुस्से में कह दी गलत बात
इंदौर नगर निगम के बजट सम्मेलन में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी मामले में कांग्रेस पार्षद रुबीना खान मंगलवार को एमजी रोड थाना पहुंचीं, जहां करीब साढ़े चार घंटे तक उनके बयान दर्ज किए गए। बयान से पहले उन्होंने मीडिया के सामने अपने रुख में बदलाव करते हुए खेद जताया और कहा कि वे राष्ट्रगीत का सम्मान करती हैं। पुलिस अब बयान और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगी, जिससे इस मामले में नई दिशा मिलने की संभावना है।
इंदौर। नगर निगम के बजट सम्मेलन के दौरान ‘वंदे मातरम्’ को लेकर उपजे विवाद में नया मोड़ आ गया है। कांग्रेस पार्षद रुबीना खान मंगलवार को एमजी रोड थाना पहुंचीं, जहां उनके करीब साढ़े चार घंटे तक बयान दर्ज किए गए। बयान देने से पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपने बयान पर खेद जताते हुए कहा कि वे राष्ट्रगीत का पूरा सम्मान करती हैं और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराएंगी।
रुबीना खान ने कहा कि घटना के दौरान माहौल तनावपूर्ण था और उन्हें उकसाया जा रहा था, जिसके चलते उन्होंने गुस्से में आपत्तिजनक शब्द कह दिए। उन्होंने स्वीकार किया कि वे शब्द नहीं कहने चाहिए थे और अब उन्हें अपनी गलती का एहसास है। उन्होंने कहा, “अब तो कान पकड़ लिए, ऐसा नहीं होगा। मैं वंदे मातरम् का सम्मान करती हूं और हमेशा करती रहूंगी।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे लंबे समय से पार्षद हैं और कई बार पूर्व महापौरों के साथ बैठकों में शामिल हो चुकी हैं। यदि उन्होंने कभी राष्ट्रगीत या राष्ट्रीय प्रतीकों का अनादर किया होता तो पहले ही उनके खिलाफ कार्रवाई हो जाती। उन्होंने दावा किया कि वे दोनों दिन ‘वंदे मातरम्’ के दौरान खड़ी थीं और उन्होंने जानबूझकर कोई अनादर नहीं किया।

मामले में एसीपी विनोद दीक्षित ने बताया कि रुबीना खान के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और बजट सम्मेलन के वीडियो फुटेज का परीक्षण किया जाएगा। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। गौरतलब है कि इस विवाद में पहले भी कई पार्षद थाने में बयान दर्ज करा चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई की बात कह रही है।


