भोपाल : 8 मई, 2024 (प्योरपॉलीटिक्स)
भोपाल। लोकसभा चुनाव के पहले दो चरणों में 2019 की तुलना में मतदान में सात से नौ प्रतिशत तक गिरावट के बाद मंत्रियाें, भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की साख दांव पर लगी थी। दोनों दलों ने मतदान बढ़ाने के लिए पूरी ताकत लगा दी, पर भाजपा ने अधिक जाेर लगाया। तीसरे चरण की नौ लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले विधानसभा सीटों में सर्वाधिक 79.44 प्रतिशत मतदान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लोकसभा क्षेत्र विदिशा की बुधनी विधानसभा में हुआ। वह यहां से विधायक भी हैँ। 2019 के लाेकसभा चुनाव से लगभग पांच प्रतिशत अधिक मतदान यहां हुआ है। हालांकि, विधानसभा चुनाव में बुधनी में 84 प्रतिशत निर्वाचकों ने मत दिया था। मंत्रियों की बात करें तो राज्य मंत्री गौतम टेटवाल के विधानसभा क्षेत्र सारंगपुर में सबसे अधिक 78.75 प्रतिशत मतदान हुआ जो पूरे राजगढ़ लोकसभा सीट में सर्वाधिक है। सबसे कम एंदल सिंह कंसाना के क्षेत्र में 53.10 प्रतिशत रहा जो मुरैना लोकसभा सीट में दिमनी के बाद दूसरा सबसे कम है। यहां विधानसभा चुनाव 2023 में
72.22 प्रतिशत मतदान हुआ था, यानी 19 प्रतिशत गिर गया है। विधानसभा चुनाव में हुए मतदान की तुलना में मंत्रियों के क्षेत्र में यह सबसे बड़ी गिरावट है।
इन नौ सीटों में सबसे कम मतदान भिंड में 55.44 प्रतिशत रहा, पर इसी सीट के अंतर्गत आने वाली दतिया विधानसभा 66.78 प्रतिशत निर्वाचकों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया है। यह पूर्व मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा का विधानसभा क्षेत्र है। हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए विधायक रामनिवास रावत के क्षेत्र विजयपुर में 68. 85 और पूर्व नेता प्रतिपक्ष डा.गोविंद सिंह के क्षेत्र लहार में 52.58 प्रतिशत रहा।
————
मंत्रियाें के क्षेत्र में मतदान प्रतिशत
मंत्री– विधानसभा सीट– लोकसभा 2019–विधानसभा 2023– लोकसभा 2024
एंदल सिंह कंसाना– सुमावली (मुरैना सीट)–55.36 — 72.22– 53.10
नारायण सिंह कुशवाह– ग्वालियर दक्षिण (ग्वालियर सीट) — 58.96 — 63.83– 61.03
राकेश शुक्ला — मेहगांव (भिंड सीट) — 50.72– 64.97– 53.93
प्रद्युम्न सिंह तोमर – ग्वालियर (ग्वालियर सीट) — 58.33 — 65.29-
58.45 (ग्वालियर पूर्व के बाद दूसरा न्यूनतम)
गौतम टेटवाल– सारंगपुर (राजगढ़ )– 78.96 –84.34–78.75
नारायण सिंह पवार — ब्यावरा (राजगढ़) –73.72– 84.33– 75
विश्वास सारंग– नरेला (भोपाल)– 64.95– 65.48– 59.02
कृष्णा गौर– गोविंदपुरा (भोपाल) — 59.95– 63.03– 60.05
करण सिंह वर्मा — इछावर (विदिशा)– 78.73.– 86.74– 78.22
————-



