भोपाल : 20 जनवरी , 2022 (प्योरपॉलीटिक्स)
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के अंतर्गत 25 हजार से अधिक जरूरतमंद लोगों को आवास के लिए एक साथ नि:शुल्क भूखण्ड आवंटित करना राज्य सरकार का क्रांतिकारी कदम है। इससे इन परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और स्वयं के आवास के लिए भूमि का अधिकार मिलने से परिवारों का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। सिंगरौली से ही रीवा संभाग के चार जिलों के किसानों के खाते में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि भी सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की जाएगी। इसके साथ ही सिंगरौली में मेडिकल कॉलेज, माइनिंग कॉलेज और सीएम राइज स्कूल हिर्रवाह (बैढ़न) व चकारिया का शिलान्यास भी होगा। मुख्यमंत्री चौहान सिंगरौली जिले में 22 जनवरी को आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। समत्व भवन में आयोजित बैठक में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, खनिज साधन तथा श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। सिंगरौली कलेक्टर बैठक में वर्चुअली सम्मिलित हुए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सिंगरौली जिले में हो रहे आयोजन से जिले की सामाजिक व्यापारिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों को जोड़ा जाए तथा जिलों को मिल रही सौगातों के संबंध में उनसे संवाद भी स्थापित किया जाए। सिंगरौली में होने वाले आयोजन अधिक से अधिक जनभागीदारी के साथ उत्साह और आनंद के वातावरण में हों।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री चौहान 22 जनवरी को सिंगरौली में मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के अंतर्गत जिले की पंचायत क्षेत्रों के 25 हजार 412 हितग्राहियों को भूखंड आवंटित करेंगे। योजना के अंतर्गत जिन गरीब परिवारों के पास रहने के लिए पर्याप्त आवास नहीं हैं और स्वयं की भूमि भी नहीं है ऐसे प्रत्येक परिवार को शासन द्वारा 60 वर्ग मीटर का नि:शुल्क आवंटित किया जाएगा। जिले में 421 एकड़ कुल रकबे में हितग्राहियों को नि:शुल्क भूखण्ड आवंटित होंगे।
मुख्यमंत्री चौहान मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत सिंगरौली से ही रीवा संभाग के सिंगरौली सहित सीधी-सतना और रीवा जिले के 6 लाख 78 हजार 408 किसानों के खातों में 135 करोड़ 68 लाख रुपये सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे।
मुख्यमंत्री चौहान 248 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सिंगरौली शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, 60 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले माइनिंग इंजीनियरिंग कॉलेज और 33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सीएम राइज स्कूल हिर्रवाह (बैढ़न) तथा 31 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सीएम राइज स्कूल चकरिया का शिलान्यास भी करेंगे।



