भोपाल : 28 जनवरी, 2024 (प्योरपॉलीटिक्स)
छह से 11 फरवरी तक मध्य प्रदेश में रहेंगे संघ प्रमुख डा. मोहन भागवत
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से सरसंघचालक डा. मोहन भागवत लगभग एक सप्ताह के प्रवास पर मध्य प्रदेश आ रहे हैं। इस दौरान वे उज्जैन में छह से आठ फरवरी तक छोटी टोली की बैठक लेंगे। इसमें संघ प्रमुख के अलावा सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और सहसरकार्यवाह मनमोहन वैद्य, अरुण कुमार, कृष्णगोपाल सहित सात पदाधिकारियों की बैठक होगी। इस बैठक में नए वर्ष के लिए एजेंडा सहित वार्षिक प्रतिनिधि सभा के मुद्दों पर विचार किया जाएगा। नौ फ़रवरी को भागवत मुरैना जाएंगे, जहां वे 10 और 11 फ़रवरी को मध्यभारत प्रांत के
प्रचारकों की बैठक में शामिल होंगे।
प्रचारक बैठक में शाखाओं खासकर सायंकालीन शाखाओं का विस्तार, संघ का समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विस्तार, समाज जागरण जैसे विषयों पर सरसंघचालक प्रचारकों का मार्गदर्शन करेंगे। साथ ही मतांतरण पर भी वह चर्चा कर सकते हैं, जिसमें गतिविधियों पर नजर रखने खासकर आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने की बात होेगी। बैठक में विभिन्न अनुषांगिक संगठनों से बेहतर समन्वय और उनके विस्तार के बारे में वह चर्चा कर सकते हैं।



