सोमवार को मोहन सरकार विशेष सत्र का आयोजन करने जा रही है। इससे पूर्व संध्या सीएम डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस को उनके राज में जनता पर किए गए अत्याचार गिनाए। 27 अप्रेल को विशेष सत्र के दौरान मोहन सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल लोकसभा में पास नहीं होने को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी यूपीए गठबंधन के खिलाफ निंदा प्रस्ताव ला सकती है। जानिएए सीएम ने मीडिया से रूबरू होते हुए क्या कहा…
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार किसान हितैषी सरकार है। हम किसानों से गेहूं के साथ ही चना और मसूर की भी खरीदी कर रहे हैं। कांग्रेस की सरकारों ने 55 सालों में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मात्र 400 रूपये तक ही बढ़ाया, गेहूं के एमएसपी में इतनी वृद्धि तो हमने पिछले दो सालों में ही कर दी है। 2024 में हमने 2200 रुपए प्रति क्विंटल दर से गेहूं खरीदा, इस साल हम 2625 रुपये प्रति क्विंटल के रेट से गेहूं उपार्जन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि कांग्रेस को प्रदेश की जनता और किसानों से माफ़ी मांगनी चाहिए। उनकी सरकारों के दौर में लोगों को न तो बिजली मिलती थी, न ही पीने और सिंचाई के लिए पानी। हमारी सरकारों ने प्रदेश में सड़क, बिजली, सिंचाई और सबको स्वच्छ पीने का पानी मुहैया कराने के लिए तेजी से काम किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात के श्रवण के पश्चात मीडिया संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे।
सोमवार, 27 अप्रैल को होने वाले मप्र विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस की पिछली पांच पीढ़ियों ने महिलाओं से बड़ा अन्याय किया। उन्होंने महिला अधिकारों की जान-बूझकर अनदेखी की। अब हम महिलाओं का उनका हर वाजिब हक दिलाकर रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन पर केन्द्र सरकार का प्रस्ताव विपक्षी दलों के असहयोग के कारण पारित नहीं हो पाया। देश उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।





