भोपाल : 11 दिसंबर , 2023 (प्योरपॉलीटिक्स)
मोदी, शाह का नेतृत्व और विष्णु दत्त शर्मा के कुशल संगठन की मोहन यादव ने की प्रशंसा
प्रदेश में भाजपा की बड़ी जीत से लेकर मुख्यमंत्री के चयन तक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा की बड़ी भूमिका रही है। हर बूथ पर 51 प्रतिशत मत पाने के लिए वह एक कुशल संगठक के रूप में जुटे तो केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के बीच अच्छे समन्वयक की भूमिका निभाई। सरल और सहज व्यक्तित्व वाले मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाने में भी शर्मा की भूमिका मानी जा रही है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में दोनों ने साथ काम किया है। शर्मा भी अपने सरल स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। इस कारण दाेनों के बीच बहुत अच्छे रिश्ते हैं। विधायक दल का नेता घोषित किए जाने के बाद मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व और कुशल संगठक के रूप में विष्णु दत्त शर्मा की प्रशंसा की।
प्रदेश में भाजपा की प्रचंड जीत का मुख्य कारण बूथ स्तर पर पार्टी की मजबूती के लिए किया गया काम है। केंद्रीय नेतृत्व ने यह दायित्व प्रदेश संगठन को दिया। प्रदेश अध्यक्ष के नाते शर्मा ने सभी माेर्चा और प्रकोष्ठों को इस काम में लगाया।’ ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान चलाया गया। महासंपर्क अभियान में केंद्र व प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जनता को बताकर उन्हें अपने पक्ष में करने की कोशिश की गई। परिणाम यह रहा कि भाजपा ने विधानसभा की 230 में 163 सीटें जीतने के साथ ही 101 सीटों पर 50 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त किए।



