भोपाल। 03 दिसंबर 2023
भेापाल । भाजपा की बड़ी जीत के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में अलग-अलग जगह मीडिया से बातचीत में पार्टी की जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और लाड़ली बहना योजना के योगदान को अहम बताया। उन्होंने कहा कि जीत के प्रति हम पहले से आश्वस्त थे और आलाकमान को बता भी दिया था।
हमने महिला सश्क्तीकरण के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। इस कारण बहनों का प्यार मिला है। डबल इंजन की सरकार, दिल्ली में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जो काम किया, उसे हमने यहां अच्छी तरह से क्रियान्वित किया। लाड़ली लक्ष्मी से लेकर लाड़ली बहना तक का जो अद्भुत सफर तय किया, गरीबों, किसानों, भांजे-भांजियों के लिए जो काम हुए, वो भी जनता के दिल को छू गए। उन्होंने जीत का श्रेय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेद्र यादव, अश्विनी वैष्णव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को भी दिया। मुख्यमंत्री कौन होगा इस प्रश्न पर शिवराज ने कहा कि यह तय करना उनका काम नहीं है। वह पार्टी के कार्यकर्ता हैं।



