मुख्यमंत्री चौहान के निर्देश पर पांच शासकीय सेवकों के विरुद्ध निलंबन और वेतन वृद्धि रोकने की कार्यवाही

Date:

समाधान ऑनलाइन में आए प्रकरणों का हुआ निराकरण

भोपाल : 03 जनवरी   , 2023

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समाधान ऑनलाइन के अंतर्गत  आज प्रदेश के विभिन्न नागरिकों की लंबित समस्याओं का समाधान करवाया और अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री चौहान ने आज समाधान ऑनलाइन में प्रस्तुत प्रकरणों में आम जनता के कार्यों में विलंब के दोषी दो शासकीय सेवकों के निलंबन और तीन शासकीय सेवकों की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए

समाधान ऑनलाइन के अंतर्गत प्रकरणों के निराकरण के बाद आज सीएम हेल्पलाइन को प्राप्त होने वाली शिकायतों और निराकरण की कार्यवाही की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री चौहान श्रेष्ठ प्रदर्शन वाले जिलों को बधाई देते हुए अन्य जिलों को भी नागरिकों की समस्याओं के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। आज विभागों के प्रदर्शन की भी समीक्षा की गई। उच्च प्रदर्शन वाले 5 विभागों में सामाजिक न्याय ऊर्जा, गृह , परिवहन और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग शामिल हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने इन जिलों के कलेक्टर्स और अन्य अधिकारियों को अच्छे कार्य निष्पादन के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री चौहान ने अन्य विभागों से भी जनसमस्याओं को जल्दी हल करने की अपेक्षा की। प्रदेश में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में तत्परता पूर्वक कार्यवाही कर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन अधिकारियों सुप्रियंका अग्रवाल झाबुआ, आर के गोयल, बुरहानपुर और रविशंकर द्विवेदी, अशोक नगर को मुख्यमंत्री चौहान ने बधाई दी।

मुख्यमंत्री चौहान ने ग्राम पंचायत, पिपरिया जिला अशोक नगर के आवेदक श्यामलाल पंथी के प्रकरण के बारे में कहा कि इस तरह के प्रकरणों के लिए ऐसी व्यवस्था बनाकर लागू करें ताकि हितग्राही को योजना का लाभ समय पर प्राप्त हो। प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें।

 

एक हितग्राही की शिकायत आई और 723 हितग्राहियों को मिल गई विवाह सहायता की राशि

 

मुख्यमंत्री चौहान ने बालाघाट जिले के लक्ष्मण प्रसाद के प्रकरण में निर्देश दिए कि श्रम विभाग एवं पंचायत ग्रामीण विकास विभाग परस्पर समन्वय कर इस तरह के सभी लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित कर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही करें। इस प्रकरण में अवगत कराया गया कि लक्ष्मीबाई कटरे ने 27 जुलाई 2021 को विवाह के लिए लोक सेवा केंद्र में विवाह सहायता राशि के लिए आवेदन किया था लेकिन आज तक राशि प्राप्त नहीं हुई है। इस प्रकारण में तत्काल पंचायत समन्वय अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 2 जनवरी 2023 के माध्यम से एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकी गई ।

समाधान ऑनलाइन में यह शिकायत आई और शिकायतकर्ता के प्रकरण में निराकरण के साथ ही 723 अन्य हितग्राहियों को भी विवाह सहायता की राशि मिल गई। यह प्रकरण कुछ समय से लंबित थे। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रकरणों में विलंब पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्रम विभाग द्वारा अभियान चलाकर इस तरह के लंबित प्रकरण तत्काल हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मकार मंडल को ऐसे मामलों की समीक्षा के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री चौहान को ग्राम पंचायत, पिपरिया जिला अशोक नगर के आवेदक श्यामलाल पंथी ने बताया कि हितग्राही श्रीमती सोनम पंथी की प्रसूति 12 अक्टूबर, 2021 को सिविल अस्पताल में हुई थी, लेकिन अभी तक प्रसूति सहायता योजना का लाभ प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदक पंथी के प्रकरण में कार्य में लापरवाही करने वाले विकास खण्ड चिकित्सा अधिकारी और प्रभारी विकास खण्ड कार्यक्रम प्रबंधक की एक वेतन वृद्धि रोके जाने किे निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री चौहान ने स्वास्थ्य आयुक्त को अन्य प्रकरणों में भी प्रसूति सहायता की राशि का भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री चौहान ने ग्राम चंदाहारा ब्लाक गोहद जिला भिण्ड के हरिशंकर शर्मा के प्रकरण में निर्देश दिए कि जहाँ-जहाँ नलजल योजनाओं में केबल स्टार्टर की चोरी, ट्रांसफार्मर खराबी एवं अन्य छोटे मोटे कारणों से योजनाएँ बंद पड़ी हैं, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं पंचायत ग्रामीण विकास परस्पर समन्वय कर तत्काल सुधार कर नियमित पेयजल वितरण किया जाना सुनिश्चित करें। विलंब के लिए दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। प्रदेश स्तर पर पेयजल योजनाओं के कार्यों की पूर्णता भी सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने शिवपुरी जिले के आवेदक प्रदीप रावत के प्रकरण में ग्रीन हाउस तैयार करने के लिए राशि प्रदान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग किसानों के हित में प्रक्रिया में आवश्यक सुधार कर लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करे। किसानों को परेशानी नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री चौहान ने ग्राम छोटी गेंदरा तहसील सोंडवा जिला अलीराजपुर की श्रीमती दितली पति बरसाना बारिया की मृत्यु पर मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना के तहत तत्काल अनुदान राशि का भुगतान करने और श्रम विभाग एवं पंचायत ग्रामीण विकास विभाग में ऐसे समस्त लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने  तथा दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री चौहान ने तत्कालीन शाखा लिपिक प्रभारी मुकेश चौहान को शासकीय कार्य में लापरवाही के चलते निलंबित किया । मुख्यमंत्री चौहान ने ग्राम भगोरी वार्ड-3, जिला नीमच के धनराज गुर्जर का प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पंजीयन नहीं किए जाने के प्रकरण में कहा कि विभाग ऐसे समस्त लंबित प्रकरणों में हितग्राही किसानों की जमा राशि शीघ्र दिलवाने के लिए कार्यवाही करें। साथ ही मुख्यमंत्री किसान कल्याण निधि के लंबित प्रकरण में हितग्राहियों को भी भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शहडोल जिले के बोकरामार निवासी सोहन लाल ने परिवार सहायता योजना के प्रकरण में राशि प्राप्त न होने की शिकायत की थी। समाधान ऑन लाइन में प्रकरण आते ही आवेदक को राशि का भुगतान कर दिया गया। मुख्यमंत्री चौहान ने ऐसे अन्य मामलों में हितग्राही को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। मुरैना जिले के प्रजापति परिवार ने बालिका के गुमशुदा होने की समस्या से अवगत कराया। मुख्यमंत्री चौहान ने निर्देश दिए कि एसआईटी गठित कर बालिका को वापिस लाने के लिए पुलिस बल तत्काल कार्यवाही करे। मुख्यमंत्री चौहान ने आईजी चंबल संभाग सहित अपर मुख्य सचिव गृह को निर्देश दिए कि विभाग द्वारा दिन रात प्रयास कर बालिका का पता लगाने की कार्यवाही की जाए। संदेह के आधार पर  दोषियों से पूछताछ और जांच कर विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल भेजकर तलाशी का कार्य किया जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने ऐसे प्रकरणों में पुलिस के संवेदनशील, सजग और सक्रिय रहकर परिणाम देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री चौहान ने सिवनी जिले के चंद्रशेखर के आवेदन पर बीपीएल कार्ड बनाने के निर्देश कलेक्टर को दिए। इस प्रकरण में विलंब के दोषी कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अमित चौधरी को निलंबित किया गया। अनूपपुर जिले के आवेदक अनूप कुमार तिवारी की शिकायत पर ऊर्जा विभाग को निर्देश दिए गए कि हितग्राही किसानों को राशि जमा कराने के पश्चात बिना विलंब के ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य किया जाए।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Author

- Advertisement -
Saket Singh
Saket Singhhttp://purepolitics.in
MBA in Media Management from Makhanlal Chaturvedi National University of Journalism and Communication, Bhopal

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

spot_img

Popular

More like this
Related