भोपाल : 20 दिसंबर , 2023 (प्योरपॉलीटिक्स)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से इंदौर के जनप्रतिनिधियों के विशेष प्रतिनिधि मंडल ने भेंट कर हुकुमचंद मिल, इंदौर के मजदूरों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मजदूरों को मिलने वाली 464 करोड़ रूपए की बकाया राशि को महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति से 25 हजार श्रमिक परिवारों के सदस्यों को सीधी राहत मिलेगी।
श्रमिकों का यह भुगतान गत 20 वर्ष से लंबित था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को नगरीय विकास एवं आवास विकास विभाग की समीक्षा बैठक के बाद इस फाइल पर हस्ताक्षर किए थे।
मुख्यमंत्री डॉ यादव से भेंट करने वाले जनप्रतिनिधियों में वरिष्ठ नेता, विधायक कैलाश विजयवर्गीय, विधायक तुलसी सिलावट, उषा ठाकुर, इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव, मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, गोलू शुक्ला, मनोज पटेल, मधु वर्मा और राजेश सोनकर शामिल हैं। इस अवसर पर सांसद विष्णु दत्त शर्मा एवं हितानंद शर्मा भी उपस्थित थे।



