भोपाल : 6 अप्रैल , 2024 (प्योरपॉलीटिक्स)
यह कोई घर वापसी या शुद्धीकरण अभियान नहीं है बल्कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाया जा रहा “गमछा बदलो” अभियान है। इसमें कांग्रेस का गमछा उतारकर भगवा गमछा पहनाकर उसकी विचारधारा बदलने का दावा किया जा रहा है। ख़ैर ये चुनावी अभियान है, बाद में कौन किसके साथ घुला मिला, इसका पता चलेगा।
ग़ुलामी का प्रतीक है कांग्रेस- मोहन यादव
दुष्मन बहुत चतुर और चालाक है, वह झूठ और फरेब की राजनीति कर माहौल बिगाड़ने का काम कर रहा है, उससे सजग रहकर बूथ पर सबक सिखाना है। कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण, आतंकवाद को बढ़ावा दिया है। कांग्रेस के शासनकाल में आए दिन आतंकी हमले होते थे, भ्रष्टाचार होता था। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित व समृद्वशाली भारत बनने की ओर अग्रसर है। गुलामी के प्रतीक कांग्रेस को बूथ पर समाप्त करना है। हर बूथ पर 370 नए मतदाता जोड़कर डा. मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि देंगे। यह बात मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय में पार्टी के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। शर्मा ने दावा करते हुए कहा कि भाजपा के स्थापना दिवस पर प्रदेश के 64,523 बूथों पर एक लाख से अधिक नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ा गया है। हमें प्रदेश में हर बूथ पर 370 नए मतदाता जोड़ना है और 10 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाकर नया इतिहास रचना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुलामी के प्रतीकों को देश से हटा दिया है। देश में गुलामी की एक ही प्रतीक कांग्रेस बची है, जिसे चुनाव में हर बूथ पर समाप्त करना है। शर्मा ने कहा कि आज देश में गुलामी की एक ही प्रतीक कांग्रेस बची है, उसे लोकसभा चुनाव में बूथ-बूथ पर समाप्त कर 10 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाकर कांग्रेस को समाप्त करना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डा. महेंद्र सिंह, राज्यसभा सदस्य उमेशनाथ महाराज एवं पूर्व मंत्री व न्यू ज्वाइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी के 45 वें स्थापना दिवस पर प्रदेश कार्यालय में झंडा फहराया एवं महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।



